कस्बा बिनावर में रोडवेज बस ने बाइक को मारी टक्करः मौके पर युवक की मौत, चालक फरार
बदायूं से संवादाता मोहम्मद तारिक गाजी
बिनावर: बदायूं में अनुबंधित रोडवेज बस की चपेट में आकर बाइक सवार की आज सुबह मौत हो गई। बाइक सवार कहां का रहने वाला था और कहां जाने को निकला था, इसकी पुलिस पड़ताल कर रही है। फिलहाल शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है।
हादसा बिनावर थाना क्षेत्र में बरेली हाईवे पर हुआ। नरखेड़ा मोड़ के पास एक अनुबंधित रोडवेज बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बस ने बाइक सवार को करीब 10 मीटर से अधिक दूर तक घसीटा। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। वहीं ड्राइवर मौके से भाग निकला। हादसे के बाद बस में सवार सवारियों में भी अफरातफरी मच गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर आवागमन सुचारू कराया। वहीं बस भी रोड से हटवाई गई। अस्पताल कर्मियों ने मृतक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
