बिसौली विधायक आशुतोष मौर्या ने किया सुजानपुर विद्यालय में इंटरलॉकिंग का लोकइंग। बिसौली विधायक आशुतोष मौर्या उर्फ राजू भैया ने क्षेत्र के सुजानपुर स्थित संविलयन विद्यालय में इंटरलॉकिंग का उद्घाटन किया।
विधायक निधि के अंतर्गत इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य का लोकार्पण कार्यक्रम एवं विद्यालय का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बिसौली विधायक आशुतोष मौर्या , भाजपा ब्रज प्रांत के क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य हरिओम पाराशरी एवं समाजसेवी नीरज वार्ष्णेय साईं राम ने मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यालय की छात्राओं सुनीता एवं पूनम ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। अंशुल ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। विद्यालय की छात्राओं ने रोली व अक्षत से तिलक कर एवं छात्रों ने बैंड की धुन के साथ आगंतुकों का स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय को आकर्षक ढंग से सजाया गया।
सर्वप्रथम विधायक आशुतोष मौर्या ने विद्यालय परिसर में एक पौधा भी रोपित किया।
विद्यालय के वार्षिकोत्सव में छात्राओं रिंकी एवं शिवानी ने राधा कृष्ण नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वर्तमान समय की चिंता ‘मोबाइल की बीमारी’ विषय पर छात्राओं ने नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जिसको खूब सराहा गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक आशुतोष मौर्या ने अपने संबोधन में विद्यालय की प्रगति की सराहना करते हुए विद्यालय को उत्कृष्ट बनाने में शिक्षकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को दूर करने हेतु मै सदैव तत्पर हूँ । क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य हरिओम पाराशरी ने सरकार द्वारा परिषदीय विद्यालयों के भौतिक वातावरण को सुधारने हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
