दो ग्राम पंचायतों को जोड़ने वाली 1200 मीटर सड़क बदहाल, वर्षों से पुनर्निर्माण का इंतजार; ग्रामीणों में आक्रोश।
पीडब्ल्यूडी की अनदेखी से ग्रामीण परेशान, सड़क के दोनों छोर बनते रहे लेकिन बीच का हिस्सा आज भी बदहाल।
सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) ग्राम पंचायत चीकाघाट और ग्राम पंचायत पिण्डारी को जोड़ने वाली करीब 1200 मीटर लंबी महत्वपूर्ण सड़क लंबे समय से बदहाली का शिकार है। यह सड़क ग्राम रसोइयापुर और ग्राम झुका के मध्य स्थित होने के कारण आसपास के ग्रामीणों के लिए आवागमन का प्रमुख मार्ग है। ग्रामीणों के अनुसार इस सड़क का निर्माण वर्ष 2006 में मंडी समिति की ओर से कराया गया था, लेकिन निर्माण के करीब दो दशक बाद भी सड़क के उस हिस्से का समुचित पुनर्निर्माण नहीं हो सका है, जो वर्तमान में पूरी तरह जर्जर हालत में पहुंच चुका है। ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा सड़क के दोनों छोर के हिस्सों का समय-समय पर पुनर्निर्माण कराया जाता रहा है, लेकिन बीच का लगभग 1200 मीटर हिस्सा हर बार निर्माण से वंचित रह जाता है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी हुई सतह और खराब मार्ग के कारण राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों, किसानों तथा स्कूली बच्चों को आए दिन परेशानी उठानी पड़ती है। बरसात के दौरान स्थिति और भी विकट हो जाती है तथा सड़क पर पानी और कीचड़ जमा होने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का यह हिस्सा दो ग्राम पंचायतों के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसके खराब होने से दैनिक आवागमन के साथ-साथ कृषि कार्यों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों पर सड़क के पुनर्निर्माण को लेकर लगातार उदासीनता बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि हर बार आश्वासन मिलने के बावजूद धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। ग्रामीण साहब सिंह, तरसेम सिंह, बक्शीस सिंह समेत अन्य ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराने तथा करीब 1200 मीटर हिस्से का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क का जल्द निर्माण नहीं कराया गया तो क्षेत्रवासियों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग अब इस महत्वपूर्ण मार्ग की सुध लेते हुए शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराएगा, जिससे दोनों ग्राम पंचायतों के लोगों को वर्षों से चली आ रही परेशानी से राहत मिल सके।
