देसी शराब की दुकान से 70 पेटी शराब गायब, सेल्समैन से पूछताछमैनेजर ने जताई गबन की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
कुंवर गांव संवाददाता
कुंवरगांव बदांयू । थाना क्षेत्र के गांव कसेर स्थित देसी शराब की दुकान से करीब 70 पेटी शराब गायब होने का मामला सामने आया है। सेल्समैन द्वारा दुकान में चोरी की सूचना दिए जाने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। चोरी के स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिलने पर पुलिस ने सेल्समैन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह सेल्समैन गणेश दुकान पर पहुंचा और मैनेजर सुरेंद्र यादव को फोन कर बताया कि दुकान का ताला खोलकर अज्ञात चोर करीब 70 पेटी शराब ले गए हैं। सेल्समैन ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के भी गायब होने की बात कही। सूचना पर मैनेजर ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुकान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस को चोरी से संबंधित कोई स्पष्ट निशान या अन्य ठोस साक्ष्य नहीं मिले। इसके बाद सेल्समैन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।
मैनेजर सुरेंद्र यादव ने सेल्समैन की भूमिका पर संदेह जताते हुए शराब की पेटियां कहीं अन्यत्र गायब किए जाने की आशंका व्यक्त की है।
गोदाम के बजाय दुकान में रखा था स्टॉक
बताया जा रहा है कि सेल्समैन के पास मोहनपुर में शराब का गोदाम भी है, लेकिन बड़ी मात्रा में शराब का स्टॉक गोदाम के बजाय जंगल क्षेत्र में स्थित दुकान में रखा गया था। इसी स्टॉक में से करीब 70 पेटियां गायब होने की बात सामने आई है।
थानाध्यक्ष राजेश कौशिक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सेल्समैन द्वारा शराब की पेटियां कहीं अन्यत्र ले जाने की आशंका से भी जांच की जा रही है। पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
