अंतिम विदाई को मिले सम्मान, शहर को मिले सुविधा: सभासद रिहान अंसारी ने बॉडी रेफ्रिजरेटर (मय्यत फ्रीजर) की व्यवस्था की उठाई मांग।

Notification

×

All labels

All Category

Iklan

All labels

अंतिम विदाई को मिले सम्मान, शहर को मिले सुविधा: सभासद रिहान अंसारी ने बॉडी रेफ्रिजरेटर (मय्यत फ्रीजर) की व्यवस्था की उठाई मांग।

Saturday, 8 August 2026 | August 08, 2026 Last Updated 2026-08-09T05:14:38Z
    Share
अंतिम विदाई को मिले सम्मान, शहर को मिले सुविधा: सभासद रिहान अंसारी ने बॉडी रेफ्रिजरेटर (मय्यत फ्रीजर) की व्यवस्था की उठाई मांग।


सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) नगर पालिका परिषद सितारगंज के वार्ड नंबर-04 के सभासद रिहान अंसारी ने शहर में अंतिम संस्कार से जुड़ी एक महत्वपूर्ण जनसुविधा के अभाव का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए नगर पालिका अध्यक्ष सुखदेव सिंह एवं अधिशासी अधिकारी प्रतिभा कोहली को ज्ञापन सौंपकर नगर क्षेत्र में बॉडी रेफ्रिजरेटर (मय्यत फ्रीजर) उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी के बावजूद नगर क्षेत्र में आज तक कहीं भी बॉडी रेफ्रिजरेटर की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है, जिससे किसी व्यक्ति के निधन के बाद विशेषकर गर्मी के मौसम में पार्थिव शरीर को सुरक्षित रखने में परिजनों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार मृतक के परिजन रोजगार, शिक्षा, उपचार अथवा अन्य कारणों से दूसरे शहरों या राज्यों में रहते हैं और उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने तक पार्थिव शरीर को सुरक्षित रखना संभव नहीं हो पाता। ऐसी परिस्थितियों में परिवारों को मानसिक पीड़ा के साथ-साथ सामाजिक और व्यवस्थागत कठिनाइयों का भी सामना करना पड़ता है। सभासद रिहान अंसारी ने कहा कि बॉडी रेफ्रिजरेटर किसी एक समुदाय या वार्ड की नहीं, बल्कि पूरे शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की मानवीय आवश्यकता है। इसके उपलब्ध होने से पार्थिव शरीर लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकेगा, जिससे अंतिम दर्शन की परंपरा का सम्मान बना रहेगा और दुर्गंध, संक्रमण व स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों की संभावना भी काफी हद तक कम होगी। उन्होंने नगर पालिका से जनहित को देखते हुए शहर की प्रमुख जामा मस्जिद, सुनहेरी मस्जिद, गौसिया मस्जिद तथा रामपुरा मस्जिद में एक-एक बॉडी रेफ्रिजरेटर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर आसपास के सभी वार्डों के नागरिक इस सुविधा का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें। सभासद ने कहा कि यह केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि शोकाकुल परिवारों की भावनाओं और अंतिम विदाई की गरिमा से जुड़ा संवेदनशील विषय है। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष सुखदेव सिंह और अधिशासी अधिकारी प्रतिभा कोहली से इस जनहित एवं मानवीय पहल पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।