बदायूं। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. शैलेश पाठक 4 नवंबर को वृंदावन में ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लेने के बाद बदायूं पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह है। कछला से लेकर उझानी, बदायूं शहर और दातागंज तक जगह-जगह भव्य स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। अनुमान है कि इस दौरान हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक उनके स्वागत में जुटेंगे।
डॉ. शैलेश पाठक के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वह कछला से बदायूं की ओर रवाना होंगे। यहां से उझानी, लालपुल, कचहरी चौराहा और इंद्रा चौक होते हुए भाजपा जिला कार्यालय पहुंचेंगे। पार्टी कार्यालय पर वह भाजपा के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन लेंगे। इसके बाद सराय और पापड़ होते हुए दातागंज पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। उनके शाम तक दातागंज पहुंचने की सूचना है।
डॉ. पाठक का दातागंज विधानसभा क्षेत्र के साथ ही पूरे जनपद में अच्छा प्रभाव माना जाता है। प्रदेश कार्यसमिति में स्थान मिलने के बाद उनके प्रथम आगमन को लेकर समर्थकों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। स्वागत कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए हनुमान दल, बजरंग दल, भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों की टीमें व्यवस्थाओं में जुटी हुई हैं।
कछला से दातागंज तक स्वागत की तैयारियों से राजनीतिक माहौल भी गर्माने लगा है। कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि डॉ. पाठक का यह दौरा संगठन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा।
