पेड़ से टकरा गया ऑटो, बुजुर्ग की मौत, कई घायल
बदायूं। कादरचौक क्षेत्र में एक ऑटो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई जबकि अन्य कई सवारियां घायल हो गईं।
हादसा कादरचौक के निजामपुर गांव के पास शनिवार देर शाम को हुआ। शाम को एक ऑटो शहर से सवारियां लेकर कादरचौक के लिए चला था। करीब साढ़े सात बजे जब ऑटो निजामपुर गांव के पास पहुंचा तो चालक अपना नियंत्रण खो बैठा जिससे ऑटो एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि ऑटो का अगला हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त होकर पलट गया। इसमें गांव रैसीनगला निवासी 60 वर्षीय अनेकपाल, ततारपुर निवासी कमलेश, अच्छनशाह, पूनम, संतोषी आदि सवारियां ऑटो के नीचे दबकर घायल हो गईं। हादसे के बाद ऑटो चालक मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा लेकिन गंभीर रूप से घायल अनेकपाल ने हायर सेंटर पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। ग्रामीणों के अनुसार अनेकपाल गांव के ही एक मंदिर में पुजारी थे।
