बंद दरवाजों में बंटता राशन, वायरल वीडियो से उठे पारदर्शिता पर सवाल
कुंवरगांव। क्षेत्र के कसेर पनौटा गांव में राशन वितरण व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एक युवक द्वारा राशन डीलर पर लगाए गए आरोपों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासनिक महकमे में भी हलचल मच गई है।
वायरल वीडियो में युवक आरोप लगाता दिखाई दे रहा है कि राशन डीलर दरवाजा बंद कर अंदर ही राशन का वितरण करता है, जबकि ग्रामीणों को बाहर लंबा इंतजार करना पड़ता है। इससे वितरण प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं और जरूरतमंदों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
मामले पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अर्जुन सिंह ने भी नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि राशन डीलर के खिलाफ पहले भी कई बार उच्च अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। फिलहाल, प्रशासन ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
