बदायूँ बिसौली कोतवाली क्षेत्र के बिल्सी रोड पर एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान बिसौली के वार्ड नंबर 17 निवासी अनस (22 वर्ष) पुत्र लईक के रूप में हुई है। अनस अपने घर से नागपुर की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनस गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल अनस को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने जांच के बाद अनस को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब फरार पिकअप वाहन की तलाश कर रही है और मामले की गहनता से जांच कर रही है।
