रिपोर्ट हुकुम सिंह दातागंज
दातागंज कोतवाली क्षेत्र में दावत से लौट रहे पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला किया गया। बदमाशों ने उन्हें लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से गंभीर रूप से घायल कर दिया और नगदी व जेवर लूटकर फरार हो गए। यह घटना बीती रात की है।
ग्राम समरेर निवासी मनबहादुर पुत्र राजेंद्र पाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने 60 वर्षीय पिता राजेंद्र पाल के साथ ग्राम दियूणी में एक दावत से लौट रहे थे। रात करीब 10:30 बजे गन्दाह पुलिया के पास पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया।
मनबहादुर के अनुसार, हमलावरों ने उन पर जानलेवा हथियारों और डंडों से हमला किया, जिससे उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। शोर मचाने पर राहगीरों को आता देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावर मनबहादुर की दो सोने की अंगूठी, एक सोने की चैन और 50,000 रुपये नकद लूट ले गए।
दातागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में हुए मेडिकल परीक्षण (MLC) की रिपोर्ट में गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है। डॉक्टरों ने सिर और हाथ का एक्स-रे कराने की सलाह दी है। 60 वर्षीय राजेंद्र पाल के सीने और जांघों पर गंभीर चोटें आई हैं, और उनके कूल्हे में अत्यधिक दर्द के कारण उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
