बदायूं में भाजपा का नाम लेकर रंगदारी का खेल! दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 1.40 लाख वसूले, दो गिरफ्तार

Notification

×

All labels

All Category

Iklan

All labels

बदायूं में भाजपा का नाम लेकर रंगदारी का खेल! दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 1.40 लाख वसूले, दो गिरफ्तार

Tuesday, 25 August 2026 | August 25, 2026 Last Updated 2026-08-26T03:28:03Z
    Share
बदायूं में भाजपा का नाम लेकर रंगदारी का खेल! दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 1.40 लाख वसूले, दो गिरफ्तार


कुंवर गांव संवाददाता 

कुंवर गांव बदायूं। भाजपा का नाम और नेताओं से नजदीकी का रौब दिखाकर कथित तौर पर रंगदारी वसूलने के मामले में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने एक व्यक्ति को दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उससे 1.40 लाख रुपये वसूले। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 1.07 लाख रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक ग्राम कैली निवासी संतोष कुमार पाल की तहरीर पर 25 अगस्त को सिविल लाइंस थाने में अजय शर्मा, अंकुर उपाध्याय और अमन उर्फ मयंक शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर रुपये लिए गए।

नेताओं के साथ फोटो, फिर रौब दिखाकर वसूली का आरोप

आरोप है कि दोनों खुद को भाजपा नेता बताकर राजनीतिक नेताओं, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ फोटो खिंचवाते थे। इन्हीं तस्वीरों के जरिए लोगों पर अपना प्रभाव जमाने और कथित तौर पर वसूली करने का आरोप है। दोनों की नेताओं के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी प्रसारित होने की बात सामने आई है।

एक के पास 50 हजार, दूसरे से 57 हजार बरामद

सिविल लाइंस पुलिस ने अजय शर्मा निवासी बरातेगदार के कब्जे से 50 हजार रुपये तथा अमन उर्फ मयंक शर्मा निवासी मोहल्ला चौबे के कब्जे से 57 हजार रुपये बरामद किए हैं। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने किया किनारा

भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने स्पष्ट किया कि अजय शर्मा और अमन मयंक शर्मा का भाजपा में कोई दायित्व या पद नहीं है। उनका कहना है कि दोनों का भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है। यदि वे खुद को भाजपा नेता बता रहे थे तो यह गलत है। अपराध करने वाले किसी व्यक्ति का भाजपा से संबंध नहीं माना जा सकता और पुलिस को ऐसे मामलों में कार्रवाई करनी चाहिए।

अमन मयंक शर्मा पर पहले भी मुकदमा

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अमन मयंक शर्मा के खिलाफ थाना कोतवाली बदायूं में एक मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा सिविल लाइंस थाने में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अजय शर्मा के खिलाफ भी सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज है।

पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी

दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी सिविल लाइंस थाना पुलिस टीम ने निरीक्षक अपराध सुपेन्द्र मलिक के नेतृत्व में की। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देश पर वांछित और वारंटी आरोपियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत दोनों आरोपियों पर कार्रवाई की गई।