गंगा में कूदे व्यक्ति की पुलिस की तत्परता से बची जान
मुजफ्फरनगर। थाना रामराज पुलिस ने त्वरित और साहसिक कार्रवाई करते हुए गंगा बैराज से नदी में कूदे करीब 50 वर्षीय व्यक्ति की जान बचा ली। व्यक्ति पारिवारिक समस्याओं के चलते मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार भूरा सिंह पुत्र प्रेम सिंह निवासी चांदपुर, जनपद बिजनौर ने 21 अगस्त को गंगा बैराज से गंगा नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रामराज ज्ञानेन्द्र सिंह सिरोही, उपनिरीक्षक जोगेन्द्र सिंह ढिल्लो, कांस्टेबल राजकुमार और कांस्टेबल कपिल तत्काल मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए रस्सी की मदद से नदी में बह रहे भूरा सिंह को सकुशल बाहर निकाल लिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई और परिजनों से संपर्क किया।
पुलिस की इस त्वरित एवं मानवीय कार्रवाई से व्यक्ति की जान बच सकी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम के सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए टीम को नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया। पुलिस की कार्रवाई की आमजन ने भी सराहना की।
