रामपुर: गोकशी के मामले में पुलिस मुठभेड़, तीन आरोपी गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली
रामपुर के थाना गंज क्षेत्र में गौवंशीय पशु की हत्या कर उसके अवशेष तालाब किनारे फेंकने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वांछित आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त को ग्राम बबनपुरी स्थित स्टेडियम के पीछे खेत के पास बने तालाब किनारे गौवंशीय पशु के अवशेष मिलने पर थाना गंज में अज्ञात के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे के लिए एसपी रामपुर के निर्देशन में थाना गंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई
गश्त और चेकिंग के दौरान इंद्रा नहर की ओर से आ रहे दो संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी बाइक लेकर भागने लगे, लेकिन कच्चे रास्ते पर बाइक फिसलने से गिर गए। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दानिश और जावेद उर्फ सलमान के पैर में गोली लगी, जबकि मोहम्मद मलिक कुरैशी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं आरिफ पुत्र भूरा उर्फ अतीक फरार हो गया
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, तीन खोखा कारतूस, चार जिंदा कारतूस, एक अपाचे मोटरसाइकिल, बिना नंबर प्लेट की हीरो पैशन प्रो बाइक तथा गोकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। मुठभेड़ और बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे मिलकर चोरी-छिपे गोकशी करते थे। उन्होंने स्वीकार किया कि एक दिन पहले बबनपुरी के जंगल में गौवंशीय पशु का वध किया था, लेकिन पुलिस सायरन की आवाज सुनकर मौके से भाग गए और गोमांस को बिक्री के लिए नहीं ले जा सके
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दानिश पर हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, गोवध और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जबकि जावेद के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है
