सितारगंज में पुलिस का बड़ा सत्यापन अभियान, 5 मकान मालिकों पर ₹50 हजार की कानूनी कार्रवाई, किरायेदारों की जांच से मचा हड़कंप।

Notification

×

All labels

All Category

Iklan

All labels

सितारगंज में पुलिस का बड़ा सत्यापन अभियान, 5 मकान मालिकों पर ₹50 हजार की कानूनी कार्रवाई, किरायेदारों की जांच से मचा हड़कंप।

Tuesday, 4 August 2026 | August 04, 2026 Last Updated 2026-08-05T02:02:44Z
    Share
सितारगंज में पुलिस का बड़ा सत्यापन अभियान, 5 मकान मालिकों पर ₹50 हजार की कानूनी कार्रवाई, किरायेदारों की जांच से मचा हड़कंप।


सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) जिले में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से कोतवाली सितारगंज पुलिस ने मंगलवार को पहाड़ी उकरौली क्षेत्र में बड़े स्तर पर सघन किरायेदार सत्यापन अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ा संदेश दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, चौकी प्रभारी सिडकुल उपनिरीक्षक जगत सिंह साही, अपर उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह दानू सहित पुलिस टीम ने क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर किरायेदारों से पूछताछ की, उनके पहचान संबंधी दस्तावेजों की गहन जांच की और PAHCHAN App के माध्यम से ऑनलाइन सत्यापन भी कराया। अभियान के दौरान बिना सत्यापन रह रहे लोगों और नियमों की अनदेखी करने वालों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। पुलिस ने सत्यापन न कराने वाले 7 व्यक्तियों के विरुद्ध उत्तराखण्ड पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए ₹250 प्रति व्यक्ति के हिसाब से कुल ₹1,750 संयोजन शुल्क वसूल किया। वहीं सबसे सख्त कार्रवाई करते हुए अपने मकानों में किरायेदार रखने के बावजूद उनका पुलिस सत्यापन न कराने वाले 5 मकान मालिकों के विरुद्ध उत्तराखण्ड पुलिस अधिनियम की धारा-83 के तहत ₹10-10 हजार के चालान माननीय न्यायालय भेजे गए। एक ही अभियान में ₹50 हजार की कानूनी कार्रवाई होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और अन्य मकान मालिक भी अपने किरायेदारों का सत्यापन कराने के लिए सतर्क दिखाई दिए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि किरायेदार, घरेलू नौकर, श्रमिक, मजदूर अथवा किसी भी बाहरी व्यक्ति को बिना पुलिस सत्यापन के रखने पर संबंधित मकान मालिक की जिम्मेदारी तय होगी और भविष्य में भी ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध नियंत्रण, फरार अपराधियों की तलाश और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए इस तरह के सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।