बदायूं के वजीरगंज विकासखंड क्षेत्र के सुरसेना गांव में ग्रामीणों ने जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने वजीरगंज-आंवला मार्ग पर भरे पानी में धान की रोपाई कर सड़क निर्माण में हो रही देरी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। इस विरोध प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि वजीरगंज से आंवला मार्ग का शिलान्यास लगभग तीन माह पूर्व पूर्व केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा द्वारा किया गया था। हालांकि, अब तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका है। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यह मार्ग कई गांवों को जोड़ने वाला एक प्रमुख संपर्क मार्ग है। सावन माह में इसी रास्ते से हरिद्वार और कछला गंगा घाट से जल भरकर कांवड़िए सुरसेनाके शिव मंदिर एवं गौरीशंकर गुलरिया मंदिर तक जलाभिषेक के लिए जाते हैं। सड़क पर पानी भरे होने के कारण उन्हें आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ है। इसके विरोध में उन्होंने सड़क पर पानी के बीच धान की रोपाई कर प्रशासन और संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
