कैलाश नदी पर 500 मीटर लंबे पुल के निर्माण की उम्मीद जगी, सांसद अजय भट्ट ने सीएम धामी से मांगी वित्तीय स्वीकृति; साधुनगर से सिडकुल सितारगंज तक आवागमन होगा सुगम।

Notification

×

All labels

All Category

Iklan

All labels

कैलाश नदी पर 500 मीटर लंबे पुल के निर्माण की उम्मीद जगी, सांसद अजय भट्ट ने सीएम धामी से मांगी वित्तीय स्वीकृति; साधुनगर से सिडकुल सितारगंज तक आवागमन होगा सुगम।

Tuesday, 13 October 2026 | October 13, 2026 Last Updated 2026-10-14T00:28:32Z
    Share
कैलाश नदी पर 500 मीटर लंबे पुल के निर्माण की उम्मीद जगी, सांसद अजय भट्ट ने सीएम धामी से मांगी वित्तीय स्वीकृति; साधुनगर से सिडकुल सितारगंज तक आवागमन होगा सुगम।


हल्द्वानी/देहरादून:(चरनसिंह सरारी) नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा और पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने ऊधमसिंह नगर जनपद की नानकमत्ता विधानसभा क्षेत्र में साधुनगर और सिडकुल सितारगंज के मध्य कैलाश नदी पर 500 मीटर लंबे स्पान पुल तथा 2.500 किलोमीटर संपर्क मार्ग के नव निर्माण का मामला प्रमुखता से उठाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इसके लिए आवश्यक वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है। सांसद ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कहा है कि उक्त पुल और मार्ग का निर्माण क्षेत्र की जनता के लिए अत्यंत आवश्यक है। लंबे समय से क्षेत्रीय लोग इस पुल के निर्माण की मांग कर रहे हैं, ताकि आवागमन की समस्या से निजात मिल सके और क्षेत्र के विकास को गति मिल सके। सांसद अजय भट्ट ने पत्र में उल्लेख किया कि अपने क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान जब वह साधुनगर और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचे, तो स्थानीय जनता ने उनसे कैलाश नदी पर पुल निर्माण कराने की मांग की थी। क्षेत्रवासियों की इस महत्वपूर्ण समस्या को देखते हुए उन्होंने मामले को शासन के समक्ष उठाते हुए जल्द कार्रवाई की आवश्यकता जताई है। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि पूर्व में आई दैवीय आपदा के कारण नानकमत्ता विधानसभा क्षेत्र में व्यापक नुकसान हुआ था। ऐसे में क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना और लोगों के लिए सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की व्यवस्था करना बेहद जरूरी है। सांसद के अनुसार, कैलाश नदी पर प्रस्तावित पुल और संपर्क मार्ग का निर्माण होने से साधुनगर, सितारगंज तथा आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय आबादी को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। पत्र में सांसद ने बताया कि लोक निर्माण विभाग, कुमाऊं क्षेत्र, हल्द्वानी की ओर से प्रस्तावित पुल के निर्माण का आगणन तैयार कर शासन को भेजा जा चुका है। विभागीय स्तर पर तैयार किए गए आगणन में प्रथम चरण की अनुमानित लागत 76.46 लाख रुपये बताई गई है। सांसद ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि इस पुल के निर्माण के लिए पूर्व में लगभग 31 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी, लेकिन कोरोना काल के दौरान उक्त धनराशि कोविड-19 से संबंधित कार्यों के लिए स्थानांतरित कर दिए जाने के कारण पुल का निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका। इसके चलते क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब तक पूरी नहीं हो पाई है। सांसद अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए प्रस्तावित पुल और संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति दिलाने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस महत्वपूर्ण जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाएगी, जिससे साधुनगर और सिडकुल सितारगंज के बीच कैलाश नदी पर पुल निर्माण का रास्ता साफ हो सकेगा और क्षेत्रीय जनता को वर्षों से पेश आ रही आवागमन की परेशानी से राहत मिल सकेगी।