क्षेत्र में डेंगू का कहर जारी, समुचित इलाज की प्रशासन से मांग
बिसौली। तहसील क्षेत्र के गांवजगत पीपरी में डेंगू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 48 घंटों के दौरान डेंगू के लक्षणों के कारण तीन लोगों की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता सतीश प्रेमी ने प्रभावित गांव का दौरा किया और शोकाकुल परिवारों से मिलकर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस मौके पर ग्रामीणों का आरोप रहा कि गांव में न तो फॉगिंग कराई जा रही है और ना ही दवाई का
छिड़काव हो रहा है, जिससे मच्छर पनप रहे हैं और लोग लगातार बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए श्री प्रेमी एवं तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अल्ताफ हुसैन तत्काल उप जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और मुलाकात की। उन्होंने एसडीएम प्रियंका गोयल को गांव के बिगड़ते हालातों से रूबरू कराते हुए ज्ञापन सौंपा और तत्काल स्वास्थ्य टीमों को गांव में भेजने, व्यापक स्तर पर फॉगिंग कराने तथा सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
