रामपुर: संयुक्त प्रवर्तन अभियान में ओवरलोड वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, 7 वाहन सीज, 4.78 लाख रुपये का जुर्माना
रामपुर। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर गुरुवार तड़के 4 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक परिवहन एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान 7 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 3 अन्य वाहनों का चालान करते हुए कुल 4.78 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), खनन अधिकारी और उप जिलाधिकारी सदर की संयुक्त टीम ने रिवर साइट इन से शहजादनगर तक सघन चेकिंग अभियान चलाया। अजीतपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में ओवरलोड संचालन करते पाए जाने पर 3 डंपरों को सीज कर पुलिस चौकी में खड़ा कराया गया
इसके बाद शाहबाद क्षेत्र में भी अभियान जारी रहा, जहां ओवरलोड पाए जाने पर 2 पिकअप, 1 ट्रक और 1 डंपर को सीज किया गया। साथ ही 3 अन्य वाहनों के चालान भी किए गए
प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान कुल 4 लाख 78 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जिसमें से 86 हजार रुपये का जुर्माना मौके पर ही ऑनलाइन जमा कराया गया
यातायात एवं वाहन सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर 1 बस और 1 स्कूल बस का भी चालान किया गया
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में ओवरलोडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी
